न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए अब नगर निगम ऐसे सभी होटल, कामर्शियल कांप्लेक्स और मार्केट संचालकों को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है, जिन्होंने पार्किंग के स्पेस में दुकानें या अन्य कोई गतिविधि संचालित कर रखी है। पार्किंग स्पेस का व्यावसायिक इस्तेमाल करने से ऐसे मार्केटों के बाहर सड़क पर ही वाहनों को खड़ा करना पड़ता है, जिससे जाम की समस्या पैदा होती है और जन जीवन अस्त व्यस्त हो जाता है।
नगर निगम का मानना है कि ऐसे छोटी-छोटी मार्केट में पार्किंग स्थलों को खाली करवा कर उनमें पार्किंग करवा देने से शहर की सड़कों के फुटपाथों से काफी हद तक वाहनों की भीड़ कम हो सकेगी।
इस संबंध में नागरिक चेतना समिति ने नगर निगम को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि शहर में बड़े होटलों मार्केटों में पार्किंग की जगह जिम खोल दिए हैं तो किसी ने वहां दुकानों बना कर बेच दी हैं।
पत्र में कहा गया है कि अधिकांश होटलों में पार्किंग की जगह पर कोई और एक्टिविटी हो रही है। किसी होटल ने पार्किंग कहीं और किसी प्लाट में बना दी है।
नक्शे में जो पार्किंग की जगह है वहां पर दुकानें बना दी हैं और उनको बेच दिया गया है। नगर निगम का मानना है कि इन सभी लोगों को पहले नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी अगर इन लोगों ने पार्किंग की जगह खाली नहीं की तो वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।