न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले में डीएस, एसवी व टीकाराम महाविद्यालय को नोडल केंद्र बनाया गया है। इनसे जिले के कॉलेज संबद्ध हैं, जहां परीक्षा होनी है।
डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार दोपहर तीन बजे से यहां नोडल केंद्र से संबद्ध कॉलेज के प्राचार्यों व प्रबंधकों की बैठक होगी।
टीकाराम कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. चंद्रकांता अग्रवाल ने बताया कि उनके नोडल केंद्र से संबद्ध कॉलेज के प्राचार्यों व प्रबंधकों की बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे से होगी।
एसवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि सात मार्च को उनके नोडल केंद्र से संबद्ध कॉलेज के प्राचार्यों व प्रबंधकों की बैठक सुबह 11 बजे से होगी।
प्राचार्यों ने बताया कि इस बैठक में विवि के नियमानुसार उनके परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं हैं, इसकी जानकारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया जाएगा।