एएमयू छात्रों ने बाब-ए-सैयद बंद कर किया हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू में इंटरनल परीक्षाओं में अनुपस्थिति के चलते छात्रों को हॉल टिकट न मिलने के विरोध में छात्र नेताओं ने एकत्रित होकर सोमवार देर शाम बाब-ए-सैयद बंद कर नाराजगी। इस दौरान पहुंचे एएमयू इंतजामियां के अधिकारियों ने पहुंचकर समझाकर शांत किया और तय किया गया कि 50 फीसदी हाजिरी वाले छात्र को परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। तब जाकर छात्र यहां से हटे।
हाल ही में हुए छात्रसंघ चुनाव में हारे छात्र नेताओं ने एकत्रित होकर सोमवार देर शाम छात्रों की समस्या के मुद्दे पर एकत्रित होकर इंतजामिया के खिलाफ हंगामा करते हुए बाब-ए-सैयद बंद कर दिया। रास्ता रोककर यह छात्र नेता नारेबाजी करने लगे।
इस सूचना पर प्रॉक्टर आदि अधिकारी पहुंच गए। यहां छात्रों का नेतृत्व करने वालों में छात्रसंघ चुनाव में हारे अजय सिंह, अबू बकर, राव फराज आदि थे। अबू बकर के अनुसार यहां बताया गया कि इस बार सरसैयद अहमद खां का 200 वां जन्मदिवस मनाए जाने के कारण एएमयू में अध्यापक कार्य प्रभावित हुआ है।
इस वजह से छात्रों की उपस्थिति कम है। अबू बकर के अनुसार इस पर इंतजामिया ने छात्रों की 50 फीसदी हाजिरी पर परीक्षा में बैठने देने का आश्वासन दिया है और ऐसे छात्रों को जल्द हॉल टिकट जारी कर दिए जाएंगे।