कलियुग में राम से अधिक महंगा हुआ रावण
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
कलियुग में रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले कलाकार मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम से महंगे हो गए हैं। राम और रावण के बीच में 10 से 15 हजार रुपये का अंतर आ रहा है। रावण जैसी रौबदार पर्सनालिटी वाले कलाकार ढूंढे नहीं मिल रहे हैं, जो हैं वह मुंह मांगी फीस ले रहे हैं। वहीं, अबकी रामलीला मंडलियों में दर्शकों को बांधे रखने वाले हास्य कलाकारों की भी कमी हो गई है। यही वजह है इन कलाकारों ने भी अपनी फीस बढ़ा दी है।
रामलीला का मंचन शुरू होने जा रहा है। अलीगढ़ में अचलताल स्थित रामलीला मैदान में रामलीला करने को आ रहे श्री आदर्श रामलीला मंडल के निर्देशक राघवेद्र वासुदेव चतुर्वेदी ने बताया कि सबसे ज्यादा महंगाई रावण का किरदार निभाने वाले किरदार पर आई है। आज से दस साल पहले रावण का रोल करने वाले कलाकार आसानी से मिल जाते थे, लेकिन अब कम हो गए हैं। यही वजह है कि मुंह मांगा पैसा देना पड़ता है। उन्होंने बताया कि रावण का किरदार निभाने वाले व्यक्ति की लंबाई कम से कम साढ़े छह फुट होनी चाहिए। शरीर भी दम-खम वाला चाहिए। आवाज में भी वजन और खनक हो। चेहरे पर भाव और रूआब हो। आजकल के युवाओं में ऐसी खूबियां कम देखने को मिलती है। ऐसे में पुराने कलाकारों के भाव चढ़े हुए हैं। इसके साथ ही हास्य कलाकारों की भी कमी है। यही कारण है उनका पूरा परिवार इस कार्य में लगा हुआ है।
विदेशों में सीता का किरदार निभाने वाली नेहा बनेगी सीता
अमेरिका में रामलीला मंचन के दौरान सीता का किरदार निभाने वाली नेहा इस बार अलीगढ़ की रामलीला में सीता का किरदार निभाएगी। श्री आदर्श रामलीला मंडल के निर्देशक राघवेंद्र वासुदेव चतुर्वेदी ने बताया कि सीता का किरदार निभाने वाली युवती अभी हाल ही में अमेरिका से लौटी है। यहां से रामलीला खत्म करने के बाद वह पुन: विदेश में रामलीला के लिए रवाना हो जाएगी।
सुनील चतुर्वेदी निभाएंगे रावण का रौल
रावण के किरदारों में नंबर वन की श्रेणी में शुमार सुनील चतुर्वेदी अलीगढ़ में रावण की भूमिका निभाएंगे। मंडल के निर्देशक ने बताया कि मथुरा में सुनील चतुर्वेदी का नाम ऐसा है कि जिन्हें आमतौर पर कुछ लोग रावण कहकर ही संबोधित कर देते हैं। वैसे तो यदि किसी को रावण कहकर संबोधित दिया जाए तो उसे बुरा लग जाता है, लेकिन वह अपने सरल एवं मधुर स्वभाव के चलते इसका बुरा नहीं मानते हैं।