पेटीएम का एटीएम लांच
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
पेटीएम ने पहली सितंबर को अपना एटीएम लांच कर दिया है। अब पेटीएम के ग्राहक एटीएम कार्ड का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा के पिता सुलोम प्रकाश शर्मा ने बताया कि पेटीएम की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी।
सात साल के सफर में पूरे देश में कंपनी के तकरीबन 18 करोड़ ग्राहक इसकी सेवाएं ले रहे हैं। इन सभी ग्राहकों को पेमेंटस बैंक में खाता खोलने की सुविधा दी गई है। इस तरह से पेमेंट्स बैंक में भी शुरुआती दौर में लगभग 18 करोड़ ग्राहक हैं। इसमें सेविंग और बिजनेस कैटेगरी के दो तरह के एकाउंट हैं।
सेविंग एकाउंट में 25 हजार और बिजनेस एकाउंट में 50 हजार रुपये तक की निकासी एटीएम कार्ड से हो सकेगी। नकद निकासी की ये लिमिट एक दिन में एक बार के लिए लागू की गई है। इससे ज्यादा की निकासी दूसरे दिन हो सकेगी। सभी एटीएम सेंटर पर पेटीएम का काम करेगा।
एटीएम कार्ड के लिए संबंधित ग्राहकों को अपना केवाईसी (नो योर कस्टमर यानी ग्राहक की पहचान और पते के दस्तावेज मसलन फोटो आईडी आदि ) अपडेट कराना होगा। जिसके लिए कंपनी के सर्विस प्रोवाइडर सभी प्रमुख शहरों में ऑपरेट कर रहे हैं।
केवाईसी पूरी कराने वाले ग्राहकों को एटीएम कार्ड कोरियर के माध्यम से उनके स्थायी पतेे पर भेजा जाएगा। जिस पतेे का जिक्र वह केवाईसी के माध्यम से करेंगे। पेमेंट्स बैंक की शुरुआत 21 जून वर्ष 2017 में हुई थी। जिसका लाइसेंस रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से विजय प्रकाश शर्मा के नाम से जारी हुआ है। इसका हेड क्वार्टर नोएडा सेक्टर पांच में है।
इसकी शाखाएं अन्य जगहों पर खोलने के लिए अभी बैंकिंग से संबंधित साफ्टवेयर में कुछ तकनीकी अपडेट किए जा रहे हैं, जिसके बाद देश के प्रमुख शहरों में इसकी शाखाएं खोली जाएंगी। शाखाएं खुलने के बाद ग्राहक दूसरे बैंकों की तर्ज पर इसकी सेवाएं ले सकेंगे।