मंडलायुक्त ने स्कूली बच्चों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
ब्यूरो ,अमर उजाला,अलीगढ़।
परिषदीय स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत लोधा ब्लॉक के एलमपुर प्राथमिक विद्यालय से हुई। इस मौके पर मंडलायुक्त सुभाषचंद शर्मा ने स्कूली बच्चों व शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से पर्यावरण शुद्ध रहता है और गंदगी से होने वाली बीमारियों से हम बचे रहते हैं। उन्होंने कहा कि शौच के लिए हमेशा शौचालय का प्रयोग करना चाहिए। जिन बच्चों के घरों में शौचालय नहीं हैं। वह अपने अभिभावकों को शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर मंडलायुक्त ने 499 विद्यार्थियों को स्कूली बैग भी वितरित किए।
मंडलायुक्त ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत हो गई है। यह 15 सितंबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न आयोजन होंगे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए अपने गांव को खुले से शौच से मुक्त करने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय एवं पानी की टंकी के साथ स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था जरूरी है। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों को नाखून काटने, शौच के बाद व भोजन से पहले हाथ धोने, प्रतिदिन स्नान करने व कपड़ों की सफाई आदि को लेकर सप्ताह में एक दिन जरूर जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि घर से निकलने वाले कूडे़-कचरे को दो तरह के कूड़ेदानों में रखा जाए। एक में गीला व हरा कचरा और दूसरे में सूखा कचरा रखा जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि बच्चों में जब शुरू से ही साफ.-सफ ाई की आदत डाली जाएगी तो यही बच्चे भविष्य में देश को स्वच्छ, सुंदर और सशक्त बनाएंगे। उन्होंने बच्चों को जानकारी दी कि लड़कियां 18 वर्ष एवं लड़के 21 वर्ष से पहले शादी हरगिज न करें, यह कानूनी अपराध है।
इस मौके पर मंडलायुक्त ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में कार्यक्रम में पहल सोसायटी द्वारा विद्यालय को 10 कूड़ेदान दिए गए। कार्यक्रम में पहल संस्था के संस्थापक दुष्यंत सिंह, स्वच्छ भारत मिशन योजना के अध्यक्ष अनुज प्रताप सिंह, एडीएम सिटी एसबी सिंह, एडी बेसिक गिरजेश चौधरी, बीएसए धीरेंद्र कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी बीबी पांडेय, बीईओ जाकिर हुसैन, प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह, सुमन शर्मा, मंजू पाठक, पूनम सिंह, मीना रानी आदि मौजूद थे। बीएसए धीरेंद्र कुमार व प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन मुकेश कुमार सिंह ने किया।