ट्रांसपोर्टर के परिजनों को बेहोश कर लाखों की चोरी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। महानगर के थाना क्वार्सी के सुरेंद्र नगर में रविवार रात चोरों ने ट्रांसपोर्टर के परिजनों को बेहोश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर नकदी सहित कमरे में रखी ज्वैलरी पार कर ले गए। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद छानबीन शुरू कर दी।
क्वार्सी के सुरेंद्र नगर निवासी राजीव गुप्ता एक ट्रांसपोर्टर हैं। रविवार को वह किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी अंजू, बेटी छमा और पिता वरुण थे।
परिजनों ने बताया कि देर रात कमरे का दरवाजा खुला हुआ था, तभी मौका पाकर चोर घुस आए। उन्होंने स्प्रे डाल दिया, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए। सुबह जब उनकी आंख खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ था। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी से 1.58 लाख की नकदी व लाखों के आभूषण साफ थे।
यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद छानबीन शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित द्वारा थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक चोर दस लाख रुपये का सामान लेकर फरार हुए हैं।