भोले के भक्तों की राह में अंधेरा
ब्यूरो, अमर उजाला
श्रावण के दूसरे सोमवार को भोले के भक्तों की भीड़ सुबह से ही शिवालयों पर लगनी शुरू हो गई। जबकि रविवार की रात को 12 बजे के बाद कांवड़ियों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक करना शुरू कर दिया था। दिन में उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूर्व की तरह इस बार भी रामघाट रोड पर अंधेरे में ही कांवड़ियों को गुजरना पड़ा।
सोमवार की आधी रात से ही बाबा के भक्तों की भीड़ मंदिर पर पहुंचने लगी। इसमें सर्वाधिक संख्या कांवड़ियों की थी, जो कि गंगा घाट से गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे।
जैसे ही मंदिर के द्वारा खुले सबसे पहले कांवड़ियों ने बाबा का जलाभिषेक किया। भोर होते होते मंदिर पर सैकड़ों की संख्या में भक्त पहुंच गए। इन्हें संभालने के लिए लगी पुलिस फोर्स को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाबा का जलाभिषेक कर मनौती मांगने वालों में प्रत्येक वर्ग के लोग शामिल थे। खुफिया एंजेसी आईबी की इनपुट के बाद खेरेश्वर, अचलेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य मंदिरों पर पुलिस समेत अन्य सुरक्षा बलों के जवान तैनात थे।