हैंडपंप का रिबोर कर रहे दो मजदूरों की करंट से मौत
ब्यूरो, अमर उजाला, खैर (अलीगढ़)।
क्षेत्र के गांव बरका स्थित सरकारी स्कूल के हैंडपंप की बोरिंग करते समय एचटी लाइन से पाइप छूने के चलते दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया गया। वहां इलाज चल रहा है। इस हादसे से गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताते हैं कि गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हैंडपंप काफी समय से खराब था। इसे रिबोर करने के लिए ठेका दिया गया था। बुधवार को मजदूर रिबोर का काम कर रहे थे।
बताते हैं कि बोरिंग करते समय लोहे का पाइप ऊपर से निकली एचटी लाइन से छू गया। इससे नीचे पाइप को पकड़कर बोरिंग कर रहे मजदूर विकास पुत्र देशराज निवासी बरका और रोहित पुत्र हरीसिंह निवासी कसेर औरंगाबाद की मौके ही पर ही मौत हो गई। दीपक पुत्र चंद्रपाल गंभीर रूप से झुलस गया। उसका मेडिकल कालेज में इलाज जारी है।
इस हादसे से बरका गांव में कोहराम मच गया। पूरा गांव मौके पर उमड़ पड़ा। मृतक के परिवार के लोगों को रोते-विलखते देख तमाम ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।