न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़। शोध छात्र मन्नान बशीर वानी के आतंकी संगठन में शामिल होने की खबर के बाद से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) प्रशासन सक्रिय हो गया है। छात्रावास के कमरों में प्रॉक्टर, डीएसडब्ल्यू एवं प्रोवोस्ट की टीम के सदस्य राउंड लगाकर पता कर रहे है कि कोई बाहरी युवक तो कमरे में नहीं रहता।
शीतकालीन अवकाश के दौरान छात्रावास में रहने वाले छात्रों को यह बताना होगा कि वह इस समय यहां क्यों रह रहे हैं। इस मामले में केवल शोध छात्रों को ही छूट हासिल है।
अपराध को अंजाम देकर एएमयू के छात्रावासों में अपराधियों के छिपने का खुलासा होने के बाद से ही इंतजामिया में हड़कंप मच गया था। शोध छात्र मन्नान बशीर वानी का मामला सामने आने के बाद एएमयू प्रशासन की खूब किरकिरी हुई। उसके बाद से इंतजामिया ने छात्रावासों पर अपना ध्यान केंद्रित कर दिया है।
फिलहाल शीतकालीन अवकाश के कारण छात्रावासों में सन्नाटा पसरा है और यहां बहुत कम छात्र बचे है। एएमयू प्रशासन के निर्देश के बाद प्रॉक्टर, डीएसडब्ल्यू एवं प्रोवोस्ट की अलग-अलग कमेटी छात्रावासों में औचक चेकिंग को पहुंच रही हैं।
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने यह भी साफ कर दिया है कि बाहरी युवकों को पाए जाने की स्थिति में छात्र के अतिरिक्त प्रोवोस्ट एवं वार्डन आदि के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में प्रॉक्टोरियल टीम द्वारा छात्रावासों में छापेमारी भी प्रस्तावित है।
--