निरीक्षण : पंखे खराब, गंदगी थी पसरी, फव्वारा भी बंद
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
इलाहाबाद मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने बुधवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। कई जगह मिली अव्यवस्थाआें पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य संजय पंडित ने यात्रियों को होने वाली परेशानियों के बारे में बताया।
डीआरएम संजय कुमार पंकज सबसे पहले आरपीएफ थाने पहुंचे। थाने का कक्ष छोटा देखा तो प्रशासनिक अफसरों से पास ही बने कमरे को आरपीएफ के लिए एलाट करने को कहा। प्लेटफार्म नंबर दो के टूटे फर्श को देखकर उसे तत्काल ठीक कराने को कहा। प्लेटफार्म तीन, चार, पांच और छह पर डीआरएम के पहुंचने के बाद भी कई अफसर मौके पर नहीं आए। इस पर डीआरएम ने कहा कि क्या स्थानीय मुलाजिमों को निमंत्रण पत्र भेजना पड़ेगा। डीआरएम को बताया गया कि प्लेटफार्म पर लगे अधिकांश पंखे बंद हैं। कुछ पंखे चलवाकर देखे गए, तो वे नहीं चले। इस पर उन्होंने कहा कि तत्काल खराब पंखों को ठीक कराएं। इसी बीच पता चला कि दिव्यांगाें केे लिए एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए रैंप की व्यवस्था नहीं है, तो उन्होंने रैंप बनवाने के निर्देश दिए। कई जगह गंदगी देख सफाई व्यवस्था में सुधार करने को कहा। डीआरएम स्टेशन से बाहर निकले तो देखा कि पूछताछ केंद्र के पास पार्क में बना फव्वारा बंद था। इसको एक सप्ताह में चालू कराकर रंगबिरंगी लाइटें लगवाने को कहा। फव्वारा सुबह 6 से 8 और शाम को 6 से रात 10 बजे तक चलाने को कहा। इस दौरान इंस्पेक्टर आरपीएफ नवल किशोर, स्टेशन अधीक्षक आरके पाठक, सीएमआई संजय शुक्ला, टीआई आदि अफसर मौजूद रहे।