बंदी बाप की मौत पर मांगा बेटे का पैरोल.. लगाया जाम
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के थाना गांधी पार्क इलाके में हमले के एक मुकदमे में जेल में निरुद्घ पिता-पुत्र में से बीमार पिता की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। शव को घर ले जाने के बाद उन्होंने इलाज में लापरवाही व बेटे की पैरोल की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। खबर पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि अधिकारियों से वार्ता कर अगले चार घंटे में पैरोल पर निर्णय लिया जाएगा। तब जाकर जाम खुल सका।
न्यू टीकाराम कालोनी निवासी 75 वर्षीय राजेंद्र का जनवरी में अपने पड़ोसियों से विवाद हो गया था। इस मामले में वह और उनका बेटा टिल्लू तभी से जेल में बंद थे। 30 मई को राजेंद्र की जेल में अचानक तबियत खराब हो गई, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया, जहां मंगलवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम घर से परिजन शव को लेकर घर की ओर चले आए। उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने व बेटे को पिता के अंतिम संस्कार के लिए पैरोल पर बाहर निकालने की मांग करते हुए रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया।
यहां करीब आधा घंटे तक तक हंगामा होता रहा, जिससे सड़क पर काफी लंबा जाम लग गया। खबर पाकर मौके पर सीओ द्वितीय, इंस्पेक्टर गांधीपार्क, क्वार्सी आदि पुलिस अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को बमुश्किल समझाबुझाकर शांत कराया और कहा कि वह अधिकारियों से वार्ता करेंगे। इसमें कम से कम चार घंटे लगेंगे। इसलिए जाम खोल दिया जाए। तब जाकर जाम खुला। फिलहाल शव घर पर रखा है और वहां पुलिस मौजूद है। इंस्पेक्टर गांधीपार्क के अनुसार पैरोल के लिए अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।