न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहर उमड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर एसपी सिटी आफिस के पास रसलगंज पर बना शहीद स्मृति स्थल बदहाल स्थिति में है। यहां पर शहीदों की स्मृति में रखी गई उल्टी बंदूक की नाल टूट गई है और स्थल का रखरखाव भी बेहद लचर है।
इसकी मांग उठाने वाले तत्कालीन पार्षद बाबा फरीद आजाद ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि स्मृति स्थल की यह हालत देखकर उन्हें रोना आता है। वह खुद ही इसका रखरखाव करना चाहते थे, लेकिन ऐसा करने से तो उन्हें उस समय ही रोक दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह इस स्थल को अपनी देखरेख में लेकर इसका शानदार सौंदर्यीकरण करते।
लेकिन कुछ संकीर्ण दिमाग के लोगों ने इस पर विवाद खड़ा कर दिया। नतीजा अब सबके सामने है। शहीदों की याद में उल्टी लटकाई बंदूक की नाल टूटी है। उस पर लगी टोपी भी तिरछी है। इस पर लगा शीशा भी क्षतिग्रस्त है। परिसर में भी कूड़ा और घास फूंस है। यह कौन लोग हैं जो शहीदों की स्मृति के साथ इस तरह की उपेक्षा कर रहे हैं।