डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो अक्तूबर तक संपूर्ण जिले को खुले में शौच की बुराई से मुक्त करने में नाकाम साबित हुए अफसर अब शासन के 15 नवंबर तक ओडीएफ के लक्ष्य को पाने के लिए पूरी ताकत झोंकने में जुटे हैं। निर्माण कार्य में गतिशीलता लाने एवं गुणवत्तापरक शौचालय निर्माण के लिए ग्राम स्तरीय अफसरों के साथ 250 जिलास्तरीय अफसरों को कार्य की गति बढ़ाने, सत्यापन एवं गुणवत्ता की जांच के लिए लगाया गया है।
जिले में कुल 902 ग्राम पंचायतें हैं और करीब 1182 गांव हैं। इनमें से जिला पंचायत राज विभाग ने अथक प्रयासों से 984 गांवों को खुले में शौच मुक्त कर लिया है। अब भी 198 गांव इस बुराई से मुक्त होने हैं। इन सभी गांवों में बेस लाइन सर्वे के मुताबिक करीब 2.48 लाख स्वच्छ शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया था। जो लगभग पूरा होने के करीब है। जागरूकता टीमें लगातार अभियान चलाकर ग्रामीणों को खुले में शौच के नुकसान बताकर उन्हें स्वयं अथवा शासन द्वारा दिये जा रहे अनुदान से शौचालय बनवाकर उनका प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चंद्र ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधानों को अगले माह से पहले ही शौचालय निर्माण कराकर गांव को ओडीएफ करने के आदेश दिये गए हैं। 250 जिलास्तरीय अफसरों से इस काम की मानीटरिंग करायी जा रही है। अफसरों को सप्ताह में कम से कम एक बार इन गांवों का भ्रमण कर शौचालय निर्माण की स्थिति, गुणवत्ता एवं सत्यापन के आदेश दिये गए हैं।