न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अगले साल मार्च तक अलीगढ़ निवासी हवाई जहाज से लखनऊ तक की यात्रा कर सकेंगे। प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों को हवाई मार्ग से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने धनीपुर हवाई पट्टी समेत अन्य हवाई पट्टियों के विस्तारीकरण एवं अपग्रेडेशन के लिए कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को छह माह का समय दिया है। निर्माण के लिए पहले चरण में 40 फीसदी धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। टेंडरिंग के बाद सितंबर के आखिरी सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होना है।
प्रदेश सरकार ने हवाई सेवा से वंचित प्रदेश के महत्वपूर्ण जनपदों अलीगढ़, श्रावस्ती, आजमगढ़ एवं मुरादाबाद में बनी एयर स्ट्रिप का विस्तारीकरण कर इन्हें मिनी एयरपोर्ट में बदलने का निर्णय लिया। इसके तहत नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर नेशनल एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के विशेषज्ञों ने इन सभी जिलों में सर्वे का काम पूर्ण कर लिया है।
अब निर्माण कार्य आरंभ किये जाने की तैयारी है। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के एई योगेंद्र ने बताया कि कार्य आरंभ होने से पहले टेंडर प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया 15-20 दिन में पूरी होने के बाद सितंबर के अंत तक काम आरंभ हो जाएगा। मार्च 2019 तक धनीपुर हवाई पट्टी समेत अन्य हवाई पट्टियां मिनी एयरपोर्ट में तब्दील हो जानी हैं।
निर्माण की देखरेख को नोडल अफसर नामित
अपग्रेडेशन काम की देखरेख के लिए प्रशासनिक स्तर पर नोडल अफसर नामित कर दिए गए हैं। डीएम के आदेश पर एडीएम सिटी एसबी सिंह को नोडल अफसर की जिम्मेदारी दी गई है। यह नोडल अफसर जनपद की ओर से आगामी पांच सितंबर को लखनऊ में होने वाली नेशनल हाइवे अथारिटी एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय की बैठक में हिस्सा लेने जाएंगे।
विस्तारीकरण के बाद 1570 मीटर का हो जाएगा रनवे
नेशनल हाइवे अथारिटी द्वारा तैयार कराए गए ले आउट के अनुसार धनीपुर हवाई पट्टी का रनवे विस्तारीकरण के बाद 1570 मीटर का हो जाएगा। वर्तमान में इसकी लंबाई 1200 मीटर है। यही नहीं वर्तमान हवाई पट्टी में फ्लाइंग क्लब चेतक की साइड में एप्रेन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, टर्मिनल बिल्डिंग व कार पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।