न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़। अलीगढ़ शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले रामघाट रोड को नेशनल हाईवे में शामिल करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब एनएचआई इसका डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में लग गई है।
आने वाले कुछ महीनों में ही डीपीआर तैयार होगी और इसके बाद टेंडर निकाल कर इसका काम शुरू करा दिया जाएगा। इसको चार लेन बनाने की योजना पर काम होगा ताकि आने वाले कई दशक तक ये रोड शहर के लोगों को सुविधाजनक यातायात मुहैया करा सके।
अभी तक पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व वाली इस सड़क की गिनती जिले के प्रमुख संपर्क मार्ग में होती थी लेकिन अब इसको नेशनल हाईवे का दर्जा मिलने वाला है। इसलिए जरूरी है कि ये किसी नेशनल हाईवे से शुरू होकर दूसरे नेशनल हाईवे पर जाकर समाप्त हो। इसीलिए इसको अब घंटे वाले की मशहूर दुकान मदारगेट (आगरा अलीगढ़ हाईवे) से शुरू कर नरौरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के पास आगरा अलीगढ़ मुरादाबाद हाईवे पर मिलाया जाएगा।
इसके निर्माण में लगभग 18 करोड़ रुपये प्रति किमी तक आएगी। इस रोड की कुल लंबाई लगभग 50 किमी है। अधिकांश स्थानों पर रोड लगभग 7 से 8 मीटर तक चौड़ी है। जहां चौड़ाई कम पड़ेगी वहां अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
जिले में सड़कों की बदहाली झेल रही अतरौली तहसील के वाशिंदों को गुजरे एक वर्ष में कुछ राहत जरूर मिली है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अल हसन मंसूर सिद्दीकी दावे से कहते हैं वर्तमान योगी सरकार में सड़कों की मरम्मत का काम वहां हुआ है जहां कई वर्षों से काम नहीं हुआ है। देहात क्षेत्र में छह ऐसी सड़कों पर पहली बार काम हुआ है। चार पर काम चालू है, दो में शासन से बजट की मंजूरी का इंतजार है। अगस्त तक इन दो सड़कों पर भी काम शुरू हो जाएगा।
1-पाली थाने से अतरौली कासगंज रोड के पास गुप्ता मोड़ तक 9 किमी सड़क की मरम्मत हुई, जो पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में थी और पांच वर्ष से इस सड़क का बुरा हाल था।
2-दादों से सांकरा के बीच 10 किमी लंबी सड़क की मरम्मत होने के साथ ही चार स्थानों में सीसी भी बनाई गई है। आलमपुर चौराहे की सड़क पक्की बनाई गई है। दादों पंचायत घर तक इस सड़क को बनाया गया है जिसकी कीमत 2.50 करोड़ रुपये आई है।
3-नानऊ से दादों के बीच की 30 किमी की सड़क को विश्व बैंक सड़क योजना से बनाया जाने का काम शुरू हुआ है। ये सड़क भी कई वर्ष बाद बनाई जा रही है। इसकी लागत लगभग 55 करोड़ रुपये तक आने का अनुमान है।
4-गौमत से चंडौस नगला पदम तक 14.50 किमी लंबी सड़क का तीन से साढ़े पांच मीटर तक चौड़ी करने का काम अब 20 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। जिससे इस इलाके की बहुत बड़ी समस्या का समाधान होगा।
5-गौमत से नौझील से 8 किमी लंबी सड़क को दोबारा से बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बना कर शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। अगस्त तक इसकी मंजूरी मिल जाएगी।
6-गोंडा से खैर तक 6.50 किमी लंबी सड़क को बनाने के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। अगस्त तक इस प्रस्ताव को भी मंजूर कर लिया जाएगा।
एनएचआई में ताजा प्रस्ताव
रामघाट रोड घंटे वाले की दुकान, मदार गेट से आगरा अलीगढ़ हाईवे से शुरू होगा
रामघाट रोड नरौरा में पंडित दीनदयाल चौक पर आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर समाप्त होगा
वर्तमान में पीडब्ल्यूडी में स्थिति
क्वार्सी थाने के ठीक सामने से रामघाट रोड जिले के प्रमुख संपर्क मार्ग बन कर शुरू होता है
अतरौली के जिरौली धूम सिंह के पास समाप्त होता है, यहां से बुलंदशहर रोड शुरू होता है
यातायात की स्थिति और निर्माण लागत
29 हजार 150 वाहन 24 घंटे में रामघाट रोड से गुजरते हैं
18 करोड़ रुपये प्रति किमी निर्माण लागत आएगी एनएच बनाने में
आगरा मुरादाबाद हाईवे
235 किमी लंबा आगरा मुरादाबाद हाईवे आगरा के रामबाग से शुरू होता है और मुरादाबाद में दिल्ली लखनऊ हाईवे से मिलता है। अलीगढ़ में ये मदारगेट कठपुला से होते हुए कलक्ट्रेट के सामने से अनूपशहर डिबाई होते हुए निकलता है।
रामघाट रोड में वर्तमान हिस्सेदारी
नगर निगम अलीगढ़ में 3.585 किमी
पीडब्ल्यूडी अलीगढ़ में 35.815 किमी
पीडब्ल्यूडी बुलंदशहर में 5.000 किमी
पीडब्ल्यूडी बुलंदशहर नरौरा में 6.450 किमी
अलीगढ़ और बुलंदशहर में
किमी नंबर एक से 39 किमी तक अलीगढ़ में आएगा
39 से 50 किमी तक हिस्सा बुलंदशहर जिले में आएगा
टोल होगा या नहीं..? इसका फैसला बाद में
चार लेन का रामघाट रोड विकसित करने के बाद इस पर कितना टोल वसूल जाएगा। ये अब तक प्रस्ताव में शामिल नहीं है। इसके लिए फैसला बाद में होगा। एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि 45 किमी लंबे हाईवे पर भी टोल वसूला जा सकता है। इसका फैसला निर्माण लागत और लागत की भरपाई के समय पर निर्भर करेगा।
रामघाट रोड को एनएचआई में शामिल करने के लिए सभी शर्तें पूरी हो गई हैं। इसकी सबसे बड़ी शर्त है कि नेशनल हाईवे से शुरू हो कर रोड नेशनल हाईवे पर ही खत्म हो। इसीलिए इस रोड का प्रस्ताव नेशनल हाईवे में घंटे वाले की दुकान मदारगेट से नरौरा तक बना कर भेजा गया है। घंटे वाले की दुकान पर ये अलीगढ़ आगरा नेशनल हाईवे से शुरू होकर नरौरा में आगरा-अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर मिलेगा। इस पर डीपीआर का काम जल्द शुरू होगा। भाजपा सरकार में पहली बार एक साल में सड़कों पर इतना काम हो रहा है। देहात क्षेत्र गुजरे एक वर्ष में छह जर्जर हाल सड़कों को बनवाने का काम हुआ है। -अल हसन मंसूर सिद्दीकी, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पीडब्ल्यूडी।
नेशनल हाईवे के निर्माण में वर्तमान में 18 करोड़ रुपये प्रति किमी की लागत आती है। ये कुछ कम या ज्यादा भी हो सकती है। इस पर टोल लगाने या नहीं लगाने का फैसला बाद की बात है। अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं। ये लागत और लागत निकलने की समय अवधि पर निर्भर करेगा। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह जी के पत्र पर एनएचआई ने इसका विस्तृत अध्ययन कर लिया है। अब डीपीआर बनेगी, जिसमें कुछ महीने का वक्त लगेगा। इसके बाद ही काम शुरू हो पाएगा। -पीपी सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचआई।