न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के जंगलगढ़ी निवासी हरविंदर सिंह चौहान द्वारा बनाई फिल्म क्रिना को प्रमोट करने के लिए प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकार सुप्रिया कार्निक अलीगढ़ पहुंची। मैरिस रोड स्थित एक होटल में वह पत्रकारों से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस तरह की फिल्में कभी कभार बन पाती हैं। इसलिए ऐसी फिल्मों की हिट होना बहुत आवश्यक है।
फिल्म वेलकम, मुझसे शादी करोगी जैसी 170 प्रसिद्ध फिल्मों में काम कर चुकी सुप्रिया कार्निक ने कहा कि फिल्म क्रिना को प्रमोट करने के पीछे उनका उद्देश्य इंडस्ट्री में नए हुनर को आगे बढ़ाना है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी को सजा या फिर जमानत देकर छोड़ने से दुष्कर्म की वारदातें नहीं रुकेंगी। इसलिए हर समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी सोच बदलनी होगी।
पुराने गानों के रीमिक्स पर उन्होंने कहा कि ओल्ड इज गोल्ड। फिल्म के प्रडयूसर जंगल गढ़ी निवासी हरविंदर सिंह चौहान ने बताया कि फिल्म में उनका बेटा पार्थ सिंह चौहान मुख्य भूमिका में है। फिल्म की कहानी भगवान श्री कृष्ण और कंस की कहानी को चरितार्थ कर रही है।
इसमें महाभारत के बीच का अंश लिया गया है। फिल्म में पर्यावरण व पानी की किल्लत का मुद्दा भी उठाया है। फिल्म निर्माण में 10 से 12 करोड़ रुपये का खर्चा आया है। इस फिल्म में इंद्र कुमार, दीपशिखा, तनिशा शर्मा, सुदेश बैरी, साबिर खान और सुधा चंद्रा जैसे कलाकारों ने भी काम किया है।