न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर शनिवार को कांग्रेसजनों ने विश्वासघात दिवस मनाया और मैरिस रोड पर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और यह सरकार पूरी तरह से विफल रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि 4 साल के कुशासन के दौरान किसान विरोधी नीतियों के चलते कृषि क्षेत्र में अवसाद की स्थिति है। यूपीए कांग्रेस सरकार ने किसानों के 72 हजार करोड़ रुपये के कर्जे माफ किये थे। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने किसानों के कर्जे माफ करने से इनकार कर दिया। इससे किसान बुरी तरह से कर्ज में डूब गया।
आज हर क्षेत्र में बेरोजगारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रति वर्ष 2 करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन आंकड़ों के अनुसार गत 4 साल में 8 लाख लोगों को भी रोजगार नहीं मिला है। इस सरकार के शासनकाल में 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री चीन एवं पाकिस्तान के समक्ष एकदम बौने साबित हो रहे हैं। यूपीए कांग्रेस सरकार के 10 वर्ष के शासनकाल में देश की सीमा पर शहीद हुए जवानों की संख्या की तुलना में वर्तमान सरकार के शासनकाल में कई गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें उच्चतम स्तर पर हैं। इस पर 11 बार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर मोदी सरकार नागरिकों की जेब से 10 लाख करोड़ रुपयों की ठगी कर चुकी है। इस सरकार के शासनकाल में दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्ञान प्रकाश सक्सेना ने की।
इस अवसर पर ठा. सोमवीर सिंह व आगा युनुस ने विचार व्यक्त किए। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से शाहिद खान, शाहरुख़ खान, आमिल हुसैन, सागर सिंह तोमर, अनिल चौहान, ऋ षि भारद्वाज, अखिलेश शर्मा, शाहिद शेख, अविनाश शर्मा, आनंद बघेल, प्रदीप रावत, नौशाद कुरैशी, अप्रितम राठोर, यशपाल बघेल, सुनील कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।