न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से बचाव के लिए जिलाधिकारी ने आठवीं तक के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों को दोपहर 12.30 बजे तक बंद करने के आदेश जारी कर दिये हैं। यही नहीं स्कूलों में संचालित प्राइवेट बसों की चेकिंग के भी आदेश एडीएम सिटी एवं आरटीओ को दिये हैं।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि गर्मी को देखते हुए आठवीं तक के बच्चों की छुट्टी दोपहर साढ़े बारह बजे तक करने को कहा गया है। इसका अनुपालन शनिवार से ही होना चाहिए। उल्लंघन करने वाले स्कूल संचालकों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।
इधर, दोपहर में एक किरण उम्मीद की अभिभावक एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीएम को बच्चों के स्कूल की छुट्टी का समय बदलने समेत पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा था।
एसोसिएशन के संस्थापक उमेश चंद वार्ष्णेय ने बताया कि ज्ञापन में डीएम से मांग की गई है कि रामघाट रोड पर दो बड़े स्कूलों की छुट्टी के समय में आधे घंटे का अंतर रखे।
क्योंकि दोनों स्कूलों की छुट्टी एक ही समय पर होती है तो बच्चों को जाम से जूझना पड़ता है। इसके साथ ही सभी स्कूलों की छुट्टी का समय 12.30 तक किया जाए। ज्ञापन देने वालों में कुमार पल्लव, विनीत, घनेंद्र शर्मा, राहुल बर्मन, रोहित वार्ष्णेय, अजय कुमार वार्ष्णेय, अमित कुमार वाजपेयी, दानिश एन किरमानी, नावेद खां, हिमांशु पाठक आदि मौजूद थे।