क्राइम डेस्क, अमर उजाल, अलीगढ़।
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए शनिवार को 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इसमें 3035 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 607 ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। प्रशासनिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियोें ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिले में खैर के गांव सुजानपुर में एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय है। इसमें कक्षा 6 में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 12 विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा हुई।
परीक्षा के लिए जमुना खंड इंटर कॉलेज टप्पल, गांधी इंटर कॉलेज चंडौस, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज खैर, टीकाराम बालिका इंटर कॉलेज अलीगढ़, डीएबी इंटर कॉलेज अलीगढ़, लगसमा इंटर कॉलेज गोंडा, शिवदान सिंह इंटर कॉलेज इगलास, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज अकराबाद, अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज, रघुनंदन इंटर कॉलेज छर्रा केंद्र बनाए गए थे।
दोपहर साढ़े 11 बजे से यह परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई। परीक्षा के लिए कुल 3,642 ने आवेदन किया था। इसमें से 3035 ने परीक्षा दी, जबकि 607 ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा को शांतिपूर्वक कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगा रखी थी। पुलिस फोर्स भी केंद्रों पर तैनात था। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आरके पाठक ने बताया कि कुल 80 सीटों के लिए यह परीक्षा हुई। परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। कॉपियां जांचने के लिए सीबीएसई बोर्ड को भेजी गई हैं।