न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़। सेंटर प्वाइंट पर बड़ी संख्या में जुट रहे भिखारियों की समस्या गंभीर हो गई है। साथ ही असामाजिक तत्वों के जमावड़े ने स्थिति को और भी बिगाड़ दिया है। दिन प्रतिदिन बिगड़ रही स्थिति को ध्यान में रखते हुए वहां के व्यापारियों ने एसएसपी से गुहार की है।
सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल के महामंत्री दीपक गर्ग ने सेंटर प्वाइंट चौराहे पर भिखारियों के जमघट पर चिंता जताई। इसके साथ ही व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी से दो दिन पहले अक्षय तृतीया वाले दिन सेंटर प्वाइंट पर लैंडमार्क माल के सामने असामाजिक तत्वों की ओर से की गई तोड़फोड़ व व्यापारी अश्वनी शर्मा से की गई मारपीट की घटना पर भी विरोध जताया।
व्यापारी नेताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। अलीगढ़ उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री शमन माहेश्वरी ने एसएसपी को गुंडा तत्वों की ओर से की गई मारपीट व तोड़फोड़ की सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई। इस मौके पर सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक बगाई, महामंत्री दीपक गर्ग, कोषाध्यक्ष, राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक कुमार लालाजी, उपाध्यक्ष आशीष सिंघल, संयुक्त सचिव विवेक गौतम आदि मौजूद थे।