एएमयू वार्डन की हालत गंभीर, मुकदमा दर्ज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के एसएस हॉल नार्थ के वार्डन सैयद मोहम्मद वसीम की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका उपचार मेदांता हास्पिटल गुरुग्राम में चल रहा है। 25 जनवरी की रात उन पर जानलेवा हमला हो गया था। इस मामले में घायल वसीम के साले नदीम अख्तर ने तीन लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया है।
काशी तकिया बिहार शरीफ नालंदा बिहार निवासी सैयद मोहम्मद वसीम वार्डन के अलावा भूगर्भ विभाग में रिसर्च एसोसिएट पद पर कार्यरत हैं। वह बाइक से 25 जनवरी रात शमशाद मार्केट जा रहे थे। बाइक पर उनके पीछे खलिकुज्जमा बैठा हुआ था, तभी उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस बारे में उनके साले सैयद नदीम अख्तर निवासी चार यारी पथरैटा शेखुपुरा बिहार ने हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
उन्होंने कहा कि वसीम भाई साहब के साथ दूसरी बाइक से वह और अब्रे आलम भी चल रहे थे। करीब 7:45 बजे जैसे ही यूनिवर्सिटी स्टाफ क्लब के पास चौराहे पर पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार मोहम्मद समी आईजी हॉल अलीगढ़ के पास व मूल निवासी बिहार, तबरेज अहमद हाल निवासी कमरा नंबर 72 एसएस नार्थ हॉल, मूल निवासी बिहार व जीशान निवासी सिरसा बिहार ने उनकी बाइक रोक ली।
जान से मारने की नियत से उन पर हथियारों से हमला कर दिया। गोलियां भी चलाईं। लात-घूंसों से पिटाई भी की। नदीम के मुताबिक, शोर मचाने पर हमलावर भाग गए। हमलावरों की रंजिश चल रही थी। उ
धर, थाना सिविल लाइन के थानाध्यक्ष जावेद अहमद का कहना है कि घायल मोहम्मद वसीम के साले नदीम अख्तर की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गोली चलने और लगने की जांच की जा रही है। नदीम ने बताया कि मोहम्मद वसीम की हालत नाजुक है। उन्हें दो गोलियां लगी हैं। एक गोली पसली में फंसी है।