कटे पशु के अवशेष मिलने पर लगाया जाम
ब्यूरो, अमर उजाला, जटटारी।
अलीगढ़-पलवल मार्ग में भरतपुर बझेड़ा की पुलिया के नीचे पशु वध के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों के साथ बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा काटा। गोवंश काटने का आरोप लगाते हुए अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पशु वध करने वालों की जल्द तलाश कर कड़ी कार्रवाई के थानाध्यक्ष के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम खुल सका। उधर सूचना पर एसपी देहात और सीओ खैर भी पहुंचे तथा थानाध्यक्ष से शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बताते हैं कि सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे खेत पर काम कर रहे एक किसान को पुलिया के नीचे गठरी दिखाई दी। पास पहुंचकर उसने गठरी खोली तो उसमें पशु की खाल और अन्य अवशेष थे। ग्रामीणाें के अनुसार यह अवशेष गोवंश के हैं। इस सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता भी पहुंच गए।
ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने अलीगढ़-पलवल मार्ग शाम चार बजे तक बंद रखा। इससे दोनों ओर सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सूचना जट्टारी चौकी इंचार्ज मृदुल कुमार वहां पहुंच गए। उनके समझाने पर भी लोग नहीं माने तब टप्पल थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह पहुंचे। कहा कि दूसरी जगह पर पशु वध करके माहौल बिगाड़ने के लिए शरारती तत्वों ने बझेड़ा पुलिया के नीचे अवशेष डाले हैं। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही भरतपुर बझेड़ा की पुलिया में दो पुलिस कर्मियों की पिकेट ड्यूटी लगाई जाएगी। गठरी में मिले अवशेष पुलिस ने जमीन में गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया। इस मौके पर सोनू प्रधान, चंचल चौधरी, सचिन चौहान, पंकज चौधरी, दीपक चौधरी, शिवम मालान, राहुल चौधरी, अमित कुमार, सुनील कुमार, उदय सिंह, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे। उधर बजरंग दल के टप्पल संयोजक पंकज पंडित का कहना है कि 24 घंटे में दोषियोें को नहीं पकड़ा गया तो टप्पल थाने का घेराव किया जाएगा।