विरोध करने से पहले देखें फिल्म पद्मावती : फाल्गुनी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
‘भाबी जी घर पर हैं’ की गुलफाम कली (फाल्गुनी राजाणी) ने कहा कि पद्मावती का विरोध करने वाले पहले फिल्म देखें। इतिहास कोई नहीं जानता है, फिर विरोध कैसे? पद्मावती फिल्म आज के दौर में बनी, इसलिए इस पर ज्यादा हायतौबा नहीं मचानी चाहिए।
फाल्गुनी ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए कहा कि इतिहास से जुड़ी फिल्में जब बनती हैं, तब उनमें मनोरंजन का भी ख्याल रखा जाता है। हर किसी का भावनात्मक जुड़ाव रहता है। वह चाहे ईश्वर हो या जाति-धर्म। अगर फिल्म पद्मावती का क्षत्रिय समाज के लोग विरोध कर रहे हैं, तो वे भी अपनी जगह पर ठीक हैं, मगर फिल्म निर्माता भी गलत नहीं हैं। इसलिए कह रही हूं कि पहले फिल्म देख लें, अगर वाकई में उनकी भावनाएं आहत होती हैं, तो विरोध लाजिमी है। उन्होंने बताया कि वह स्टार प्लस पर प्रसारित सीरियल में डिंकी मौसी का किरदार निभा रही हैं।
माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब ने भेंट किया हैंड मेड ताला
अलीगढ़। फाल्गुनी राजाणी माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी के आवास सराय मान सिंह पहुंचीं। संरक्षक संजय माहेश्वरी ने फाल्गुनी को हैंड मेड ताला उपहार स्वरूप भेंट किया। इस मौके पर राजीव माहेश्वरी, रितेश भूतड़ा, मनोज मोहता, प्रवीन माहेश्वरी, विवेक शर्मा, राज सक्सेना मौजूद रहे।