परिवार पर दबाव बनाया तो सुसाइड कर लूंगा : केपी मिस्त्री
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की लड़ाई अब खतरनाक दौर में पहुंचती नजर आ रही है। अतरौली के वार्ड छह के सदस्य कुंवर पाल सिंह मिस्त्री ने ब्लॉक प्रमुख अतरौली केहरी सिंह व अन्य भाजपा नेताओं पर रविवार को उसकी बाइक मिस्त्री की दुकान पर जाकर भाई को धमकाने तथा अध्यक्ष का विरोध छोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा न करने पर तेरी दुकान पर चोरी की बाइक रखवा कर मुकदमे में फंसवा देंगे। इसके बाद पुलिस भी दुकान पर पहुंची है। उन्होंने एलान किया कि यदि भाजपाइयों ने परिवार पर दबाव बनाया तो वह मजबूरन सुसाइड कर लेंगे और सुसाइड नोट में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम लिखकर उन्हें सबक सिखा देंगे। इधर कोतवाल अतरौली ने भी स्वीकार किया कि चोरी की बाइक रखने की शिकायत पर पुलिस जिला पंचायत सदस्य केपी सिंह की दुकान पर गई थी और जांच की।
फोन पर अमर उजाला से बातचीत में जिला पंचायत सदस्य केपी सिंह ने बताया कि वह इस समय अपनी मर्जी से तीर्थ यात्रा पर निकले हुए हैं। सात अक्तूबर को वह अलीगढ़ आकर एसएसपी से मुलाकात करेंगे और ब्लाक प्रमुख केहरी सिंह व दबाव बना रहे अन्य नेताओं के खिलाफ बेवजह धमकाने और सियासी प्रपंच रचने के मामले में मुकदमा दर्ज कराएंगे।
उन्होंने बताया कि वह बाइक मिस्त्री हैं और जनता के आशीर्वाद से वार्ड छह से जिला पंचायत सदस्य बने हैं। ब्लाक प्रमुख अतरौली व भाजपा नेता केहरी सिंह और उनके साथ पांच-छह लोग उसकी दुकान पर पहुंचे थे और उसके भाई लाखन से कहा कि अपने भाई से संपर्क कराओ। उससे कह देना कि वह अध्यक्ष का विरोध छोड़ दे, अन्यथा चोरी की बाइक रखवा कर उसे व परिवार के लोगों को आपराधिक मुकदमे में फंसवा दिया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य अजीत गौड़ ने कहा कि अध्यक्ष का समर्थन करते करते भाजपाई ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों पर दबाव डालकर यह लोग अध्यक्ष विरोधी सदस्यों के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाकर कार्रवाईयां करा रहे हैं। यदि यह हरकतें नहीं रुकी तो जनता के साथ मिलकर इसके खिलाफ जन आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।