एक माह वैध वैलेड रहेगा ट्रांजिट पास
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
मीट फैक्ट्रियों द्वारा सप्लायरों को दिया जाने वाला ट्रांजिट पास एक सप्ताह तक वैलेड रहेगा। प्रशासन ने फैक्ट्री संचालकों की पास की वेलेडिटी छह माह करने की मांग ठुकरा दी है। यह व्यवस्था बकरीद के बाद लागू होगी।
यह निर्णय पशु परिवहन के दौरान लगातार हो रही वारदातों से सप्लायरों को सुरक्षित करने के मामले में एडीएम सिटी द्वारा कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बुलाई बैठक में लिया गया। एडीएम सिटी ने सभी फैक्ट्री संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने सप्लायरों का ब्यौरा वेबसाइट पर उपलब्ध करा दें।
मसलन वह कहां का निवासी है, किस तरह के पशु रखता और परिवहन करता है, कहां-कहां और किस-किस फैक्ट्री में सप्लाई देता है, उसका नाम, पता, मोबाइल नंबर क्या है? इन सब बिंदुओं को समाहित करते हुए निर्धारित प्रारूप पर ट्रांजिट पास जारी किया जाए।
इस मौके पर संचालकों ने राजस्थान, हरियाणा समेत अन्य राज्यों से आने वाले पशुओं का हवाला देते हुए ट्रांजिट पास की अवधि छह माह करने की मांग की। इसे ठुकरा दिया गया।
एडीएम ने स्पष्ट कहा कि पास मात्र एक सप्ताह तक ही वेलेड रहेगा। यही नहीं पशु परिवहन करते समय पशु क्रूरता नियमावली का विशेष ध्यान रखा जाए। संचालकों की बकरीद के बाद पास की व्यवस्था लागू करने की मांग मान ली गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में संचालक व सप्लायर मौजूद थे।