विकास की जिम्मेदारी नोडल अफसर को
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
शासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यक्रमों की समीक्षा, उनके स्थलीय निरीक्षण तथा जन समस्याओं के निस्तारण का जिम्मा नोडल अफसर निभाएगा। शासन ने इसके लिए जनपदवार नोडल अफसर नामित कर दिए हैं। अलीगढ़ का नोडल प्रमुख सचिव उद्योग व खाद्य प्रसंस्करण सुधीर गर्ग को बनाया गया है।
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने सभी नोडल अफसरों को 21 तारीख से पहले संबंधित जनपद का दौरा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं दौरे के समय कम से कम दो परियोजनाओं व एक गांव के स्थलीय निरीक्षण को कहा गया है। सभी डीएम एवं सीडीओ को नोडल अफसर के दौरे के मद्देनजर तैयारियां रखने को कहा गया है। यही नहीं ऐसी तहसील अथवा विकास खंड को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां सर्वाधिक योजनाएं कई वर्ष से लंबित हैं।
------------
नोडल अफसर के निरीक्षण बिंदु
- प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले बिंदु
कानून-व्यवस्था, आईजीआरएस, तहसील व समाधान दिवस, कर-करेत्तर, खाद्य सुरक्षा (राशन कार्ड सत्यापन, आधार कार्ड से लिंकेज, डीबीटी, पीओएस मशीन की स्थिति), स्वच्छ भारत मिशन, रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति, कक्षा आठ तक यूनिफार्म व किताबों का वितरण, ऋण माफी योजना, ई टेंडरिंग के क्रियान्वयन की स्थिति, गड्ढामुक्त सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मत व ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति, गन्ना किसानों को भुगतान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत उपाय, नमामि गंगे परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा कौशल विकास मिशन।
------
भारत सरकार की योजनाएं
-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, एनएचएम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, अमृत योजना एवं स्मार्ट सिटी योजना, अटल पेंशन योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आईसीडीएस।
-------