डायरिया पीड़ित बच्चा नहीं किया भर्ती, अस्पताल में हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
डायरिया पीड़ित बच्चे को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती न करने पर सोमवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नेताओं के साथ शहर विधायक भी पहुंच गए। उनसे भी डॉक्टर ने आनाकानी करने की कोशिश की। मगर जब उन्होंने भर्ती रजिस्टर मांगा तो डॉक्टर माफी-दराफी पर उतर आया। बाद में विधायक ने सीएमएस को फोन पर व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि अस्पताल में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। यह सब न सुधरा तो शासन स्तर से कार्रवाई कराने को बाध्य होना पड़ेगा।
गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी आठ वर्षीय अभिषेक पुत्र राजू कुछ दिन पूर्व रसलगंज स्थित अपनी ननिहाल आया था। सोमवार को उल्टी दस्त की शिकायत हुई, तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी के चिकित्सकों ने उसे भर्ती करने के स्थान पर मेडिकल कॉलेज या दीनदयाल चिकित्सालय ले जाने की बात कह दी।
इस पर परिजन भड़क गए और उन्होंने हंगामा करते हुए भाजपा नेता राजीव भारती, सुनील टुंडा आदि को बुला लिया। खबर पर शहर विधायक संजीव राजा भी आ गए। उन्होंने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक से बालक को भर्ती करने को कहा, तो उसने बेड खाली न होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। मगर बाद में रजिस्टर मांगने पर चिकित्सक के हाथ-पैर फूल गए और बच्चा भर्ती कर लिया। इसी बीच विधायक ने सीएमएस डॉ. हीरा सिंह को फोन मिलाकर उन्हें भी खरी खोटी सुनाई। इस मौके पर निखिल माहेश्वरी, अंशुल गुप्ता आदि थे।