किसानों के ट्रैक्टर किराए पर लेकर बेचने और गिरवी रखकर रुपये हड़पने वाले दो शातिर ठगों को थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर अलीगढ़, हाथरस सहित कई स्थानों से 16 ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव तोमर ने बताया कि इगलास के गांव बिचौला निवासी अनिल और हाथरस के सासनी के गांव सिंगर निवासी संजय उर्फ संजू शातिर ठग हैं, वह किसानों केे ट्रैक्टर को 40 से 50 हजार रुपये महीने के किराए पर लेते थे और उन्हें कुछ महीने तक तो रुपये किराये के रूप में देते थे लेकिन बाद में वह ट्रैक्टर को हड़प लेते थे, साथ ही ट्रैक्टर को वह दूसरे किसानों को गिरवी रख देतेे थे अथवा बेच देते थे।
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी मंगलवार को गांव बिचौला से की गई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद अलीगढ़ और हाथरस सहित कई स्थानों से विभिन्न मॉडलों के 16 ट्रैक्टर बरामद किए हैं। पकड़े गए दोनों शातिरों को जेल भेज दिया गया है।
तीन से चार लाख रुपये में रखते एक ट्रैक्टर गिरवी
गभाना के ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी अनिल कुमार ने गभाना के लोहपूठ, पैराई, अर्जुनपुर से किसानों के पास आकर ट्रैक्टरों को किराए पर चलाने के लिए लेकर चलाता था। सात-आठ महीने तक किसानों को पैसे देता था फिर ट्रैक्टरों को तीन से चार लाख रुपये में गिरवी रखकर पैसे अपने पास रखता था। लोहपूठ से ही कई ट्रैक्टरों को लेकर गया था।