न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
इन दिनों आसमान से बरस रही आग के चलते जनजीवन बेहद प्रभावित हो रहा है। ऐसे में थोड़े समय के लिए भी बिजली का चले जाना बहुत ही परेशानी पैदा कर देता है। शुक्रवार को रावणटीला बिजलीघर पर 11 केवी का एक ट्रांसफार्मर फुुंक गया, जिसके चलते इससे जुड़े इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में लोग बिलबिला कर रह गए। तापमान की जानकारी देने वाली वेबसाइटों के मुताबिक गर्मी के यह तेवर आने वाले दिनों में बरकरार रहेंगे।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे के बाद ही गर्म हवाओं का कहर शुरू हो गया। दोपहर में हालत यह हो गई कि सड़कें सुनसान हो गईं और बाजार वीरान हो गए। जिनको बहुत जरूरी कोई काम था वही घर से निकले। तापमान की जानकारी देने वाली वेबसाइटों की मानें तो शनिवार, रविवार, सोमवार मंगलवार और बुधवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शुक्रवार को नौरंगाबाद रावणटीला बिजलीघर पर 11 केवी की लाइन से जुड़ा एक ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसके चलते संजय गांधी कालोनी, सूर्य विहार, दुर्गा देवी मंदिर क्षेत्र, ज्वालापुरी, कुंवर नगर, विकास नगर आदि इलाकों में बिजली ठप हो गई। जिससे भीषण गर्मी में लोग बिलबिला कर रह गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में भी थोड़ी थोड़ी देर के लिए बिजली की आंख मिचौली चलती रही।