न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सेंटर प्वाइंट स्थित नामचीन नमकीन कंपनी की भेलपूरी में काकरोच निकलने के मामले की जांच एडीएम सिटी को सौंप दी गई है। डीएम ने उन्हें जांच कर कार्रवाई को कहा है। इस बीच घटना के शिकार जिला बचत अधिकारी ने मंगलवार को अपनी लिखित शिकायत डीएम को सौंप दी। एडीएम सिटी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने काकरोच वाले पैक को सील कर जांच के लिए भेज दिया है।
जिला बचत अधिकारी डीके वर्मा ने गत दिवस फोन से शिकायत की थी कि उन्होंने सेंटर प्वाइंट स्थित प्रतिष्ठित नमकीन विक्रेता के यहां से भेलपूरी के एक-एक किलो के दो पैक खरीदे थे। एक पैक खोलने पर उसमें काकरोच निकला। डीएम के आदेश पर गई एफडीए की टीम ने मौके पर जाकर भेलपूरी एवं दालसेव के चार नमूने भर लिये।
इस मामले में पीड़ित जिला बचत अधिकारी ने लिखित शिकायत डीएम को सौँप दी। डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार को हिदायत दी कि सैंपलों की जल्द से जल्द जांच कराकर दोषी विक्रेता के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाय।