क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी थाने के महेशपुर गांव में एक बिल्डर और एक नेता के संरक्षण में लूट, डकैती, चोरी और हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह पनप रहा है। गांव वालों ने पहचान छिपाकर कमिश्नर, जिलाधिकारी, एसएसपी को भेजे पत्र में इस बात का खुलासा किया है।
पत्र के अनुसार एक सप्ताह पहले लगातार दो दिन महेशपुर फाटक के पास दिनदहाड़े हुईं लूट की घटनाओं में भी इसी गिरोह का हाथ होना बताया है। पत्र को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच करने और रिपोर्ट से तत्काल अवगत कराने का निर्देश दिया है।
इधर, गांव वालों के अनुसार गिरोह के लोगों ने गांव के लोगों का भी जीना दुश्वार कर रखा है। आए दिन मारपीट, चोरी और छिनैती जैसी वारदातों को अंजाम देते रहते हैं। बात-बात पर लोगों पर तमंचा तान देते हैं।