न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गूलर रोड स्थित एक ट्रांसफार्मर में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। जिसके चलते क्षेत्र की बिजली घंटों तक गुल रही। बिजली न आने से लोग अपने रोजमर्रा के काम भी नहीं कर पाये। वहीं बिजली गुल होने से क्षेत्र में पानी का संकट भी पैदा हो गया।
रविवार को गूलर रोड स्थित एक ट्रांसफार्मर में लोड ज्यादा होने से आग लग गई। आग लगते ही रोड से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने दमकल विभाग को आग की सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग को बुझाया। आग के कारण करीब 5 घंटे तक क्षेत्र की बिजली गुल रही। ट्रांसफार्मर में कमी दूर करने के बाद बिजली सप्लाई चालू की गई।