न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद ईवीएम एवं वीवी पैट मशीनों को देर रात तक मशक्कत के बाद कलक्ट्रेट स्थित वेयर हाउस में रखवा दिया गया। यह ईवीएम एवं वीवी पैट मशीनें 45 दिन तक वेयर हाउस में सुरक्षित रहेंगी। इस अवधि में ईवीएम से असंतुष्ट किसी प्रत्याशी ने यदि न्यायालय में पिटीशन दाखिल कर दिया तो इन मशीनों को यहीं रोक लिया जाएगा। अन्यथा की स्थिति में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कही भी भेजा जा सकता है।
लोकसभा चुनावों में अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आने वाली पांच विधानसभाओं अलीगढ़, कोल, बरौली, अतरौली एवं खैर के लिए कुल मिलाकर 2129 ईवीएम एवं इतने ही वीवी पैट का इस्तेमाल किया गया।
गुरुवार को मतगणना के पश्चात देर रात तक इन सभी मशीनों को कलक्ट्रेट स्थित वेयर हाउस में रखवाया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि नियमानुसार ईवीएम व वीवी पैट मशीनों को 45 दिन तक वेयर हाउस में रखने का प्रावधान है। इस बीच इन मशीनों से असंतुष्ट कोई भी प्रत्याशी न्यायालय में पिटीशन दाखिल कर सकता है।
ऐसा होने पर इन मशीनों को पिटीशन का निर्णय आने तक वेयर हाउस में ही रखने का प्रावधान है। यदि ऐसा नहीं होता है तो आयोग के निर्देश पर इन मशीनों को कही भी भेजा जा सकता है।