न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गुरुवार की रात को हुई बारिश और आंधी के चलते ठप हुई बिजली आपूर्ति को सुचारु किए जाने का काम शुक्रवार को भी जारी रहा। देर रात शहर में जब कुछ स्थानों पर सप्लाई को शुरू किया गया तो अचानक तेज वोल्टेज के चलते कुछ बिजली उपकरण फुंक गए। दोपहर तक करीब-करीब सभी लाइनों के फाल्ट को दुरुस्त कर लिया गया था।
गुरुवार को शाम को करीब 7:30 बजे बारिश और तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। क्वार्सी बिजलीघर की लाइन पर तार टूट कर गिर गया। विद्या नगर में पेड़ टूट कर तारों पर गिर गया। नई बस्ती में एक पेड़ स्वतंत्रता सेनानी के मकान पर गिर गया। फायर ब्रिगेड के बाहर एक पेड़ पोल पर गिर गया, जिससे तार और खंभे टूट गए। मैरिस रोड चौराहे पर वीमेंस कालेज की बाउंड्री के पास एक होर्डिंग उखड़ गया। इन सभी के चलते पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इसके बाद जब बिजली आपूर्ति को देर रात फिर से जोड़ा गया तो तेज वोल्टेज के चलते आवास विकास कालोनी, गूलर रोड, प्रतिभा कालोनी, आदि इलाकों में लोगों के यहां आरओ के एडाप्टर, पंखे, बल्ब, एलईडी के एटाप्टर, मोबाइल के चार्जर फुंक गए। देर रात लाइनों की पेट्रोलिंग के बाद धीरे धीरे सभी स्थानों पर आपूर्ति को सुचारु किया गया।
बौनेर पर आज बिजली बाधित रहेगी
बौनेर बिजली घर 132 केवी के मेन बेस पर मेंटेनेंस का काम किए जाने के चलते शनिवार को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके चलते तालानगरी, रावणटीला, सुदामापुरी, मनकामेश्वर, अग्रवाल फैरो, धनीपुर, ओजोन सिटी, दीन दयाल, गड़राना, पड़ियावली और कौचोड़ की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।