न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रदेश पुलिस में लेडी सिंघम के नाम से मशहूर बन्नादेवी थाने की इंस्पेक्टर अरुणा राय को 8वें राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण मिला है। ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट की ओर से आयोजित यह सम्मेलन केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 11 जून को प्रस्तावित है। इसमें भाग लेने के लिए केरल पुलिस एडीजी की ओर से अरुणा राय को आमंत्रण पत्र भेजा गया है।
अरुणा राय के अनुसार यह सम्मेलन महिला पुलिस कर्मियों के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें महिला पुलिसकर्मी अपने विचार और नारी शक्ति को और सशक्त बनाने को सुझाव व वर्तमान में नारियों के सामने आ रहीं समस्याओं के खात्मे को सुझाव रखतीं हैं। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें इस प्रकार के किसी कार्यक्रम मेें बुलाया हो। इससे पहले भी कार्यशैली को लेकर उन्हें कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है। हाल ही में कुख्यात अपराधी बलिया को फिल्मी स्टाइल में सड़क पर हाथ में पिस्टल लेकर दौड़कर दबोचा था। इसके बाद डीजीपी ओपी सिंह ने भी अरुणा राय की तारीफ की थी।