क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
सात साल पहले हरदुआगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी से चोरी हुई खाद की बरामदगी के बाद उसके निस्तारण को लेकर फंसा मामला अब खत्म होने जा रहा है। मेरठ लैब से खाद की गुणवत्ता के संबंध में बंद लिफाफे में रिपोर्ट आ गई है। हालांकि रिपोर्ट को कृषि विभाग ने अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
हरदुआगंज स्टेशन पर खड़ी लुधियाना स्पेशल मालगाड़ी से 24 दिसंबर 2012 को खाद के कट्टे चोरी हुए थे। 50 कट्टों को आरपीएफ की टीम ने बरामद कर लिया था।
चोरी के आरोपी जवां निवासी बल्लू, मनोज, सुबोध, बोस कुमार और जाहिद निवासी क्वार्सी, गुलफान निवासी मडराक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। चोरी का मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार खाद के कट्टों से जहरीली गैस के रिसाव का खतरा था। कई बार कृषि विभाग को पत्र भेज इसकी गुणवत्ता की जांच को पत्र भेजा था। जिससे कि खाद को डंप या फिर इसकी नीलामी की जा सके। फिलहाल गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट मिलना बाकी है। रिपोर्ट को कोर्ट में पेश करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।