न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
टप्पल थाना क्षेत्र के गांव जहानगढ़ में मंगलवार को सतीश गौतम के लिए वोट मांगने पहुंचे भाजपाइयों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणाें ने कहा कि सांसद बनने के बाद भी सतीश गौतम ने गांव के विकास के लिए किए गए वादे पूरे नहीं किए। भाजपाइयों के सामने ही ग्रामीणों ने सतीश गौतम मुर्दाबाद के नारे लगाए।
ग्रामीणों को जैसे ही खबर मिली सतीश गौतम के लिए वोट मांगने भाजपाई गांव आ रहे हैं तो वह एकजुट हो गए। भाजपाइयों की गाड़ियों का काफिला गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों ने बुग्गी से रास्ता रोक दिया और सांसद मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद बनने के बाद सतीश गौतम से श्मशान घाट तक रास्ता और दीवार बनवाने की मांग की गई थी। सांसद ने आश्वासन भी दिया लेकिन आज तक निर्माण नहीं हुआ। गांव के मंदिर में सोलर लाइट और टीनशेड का भी वादा पूरा नहीं किया। इसी बात से ग्रामीणों में आक्रोश था।