न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सिकंदराराऊ। एटा राजमार्ग पर बुधवार रात एक बजे गांव उमरावपुर के समीप लल्ला ढाबे के समाने खड़ी डीसीएम में एटा की तरफ से आ रहे पशुओं से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रक परिचालक और ट्रक में लदे भैसों में से छह की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शहजहांपुर की रफीउल्लाह ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक भैंसा लाद कर एटा से अलीगढ़ की तरफ जा रहा था। सिकंदराराऊ से छह किमी पहले लल्ला ढाबा पर एक डीसीएम खड़ी कर उसका चालक खाना खा रहा था। रात एक बजे अलीगढ़ की तरफ आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और डीसीएम में टक्कर मार दी।
टक्कर की आवाज सुनकर ढाबे पर खाना खा रहे लोग दुर्घटना स्थल की तरफ दौड़े और पुलिस को सूचना दी। इधर, डीसीएम चालक खाना छोड़ डीसीएम को लेकर फरार हो गया। हादसे में ट्रक परिचालक बुद्घा पुत्र अलीदराज 40 वर्ष घायल हो गया। उसे सीएचसी लाया गया जहां कि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक में भैँसे लदे थे जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज करा दी गई है।