न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद।
ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा टीकैत में पशुओं में अज्ञात बीमारी फैल गई है। इस बीमारी की वजह से पांच दुधारू पशुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से 14 पशु बीमारी की चपेट में हैं।
इससे पशुपालक परेशान हैं। रोजाना सैकड़ों रुपये की दवा के बाद भी पशुओं को लाभ होता नहीं दिख रहा। पशु चिकित्सक भी बीमारी का पता नहीं लगा पा रहे।
अज्ञात बीमारी की वजह से गांव में दो भैंसा, एक पड़िया और दो गाय काल के गाल मे समा चुकीं हैं, वहीं जो पशु इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, वह न तो चारा खा रहे हैं और न पानी पी रहे हैं। इससे वह दिनों दिन कमजोर होते जा रहे हैं। यह पशु अपने पैरों पर खड़े तक नहीं हो पा रहे।
मुंह से सफेद झाग निकल रहे हैं। इन पशुओं की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पशुपालक अपने पशुओं की इस हालत को देखकर काफी परेशान हैं। ग्रामीण पशुपालन विभाग को इस बीमारी के फैलने की सूचना भी दे चुके हैं, लेकिन गांव में विभाग की कोई टीम नहीं पहुंची है।
गांव के पशु चिकित्सालय के चिकित्सकों की समझ में यह बीमारी नहीं आ रही। गांव में राजवीर सिंह की गाय, तुलाराम की गाय और विजय सिंह का भैंसा, मोहर सिंह का पड्डा और कई लोगों के पशु मर चुके हैं।