न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पिसावा (अलीगढ़)।
बुधवार की शाम कस्बे में व्यापार मंडल की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, सांसद सतीश गौतम और खैर विधायक अनूप प्रधान का ढोल ताशों के बीच फूलमालाओं से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत किया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने पगड़ी बांधने के साथ चांदी का मुकुट पहनाया। इस दौरान नेताओं ने समस्याएं भी सुनीं लेकिन त्वरित निवारण के बजाए आश्वासन ही मिले।
जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, नाम परिवर्तित कराने आदि पर जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष के युवाओं के नाम बढ़वाएं और मृतकों के नाम सूची से कटवाएं। एक बूथ पर बीस वोट बढ़ गए तो विधानसभा क्षेत्र में कई हजार वोट बढ़ जाएंगे। एक व्यक्ति दस व्यक्तियों को जोड़ेगा तो कई हजार लोग एक दिन में भाजपा से जुड़ जाएंगे।
गो रक्षक सेना के जिलाध्यक्ष जितेंद्र आर्य ने मंगलवार को थाने में पुलिस कर्मियों द्वारा एक महिला की पिटाई का मामला सामने रखा। पीड़ित महिला ने भी अपनी पीड़ा सुनाई। इस पर विधायक ने जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिया। बिजली कटौती, सड़क, खड़ंजा, जलभराव जैसी समस्याएं भी सामने आईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेतराम शर्मा तथा संचालन तरुण कुमार गुप्ता ने किया।
सुभाष चंद उर्फ बोसी व्यापार मंडल अध्यक्ष, निरंजन लाल गुप्ता, मीना कुुमारी, सत्या सिंह, बिहारी लाल वर्मा, गंगासरन गुप्ता, पिंटू गुप्ता, राजेंद्र उर्फ भोला भैया, चौ. टम्पू सिंह, लाला राठी उर्फ रवेंद्र सिंह, जयवीर सिंह, विनोद कुमार, चेतन गुप्ता, डिब्बो लाला, विकल सिंह, तेजवीर सिंह, डॉ. मुकेश सिंह, श्याम गुप्ता, सत्यापाल सिंह, पवन गोयल मौजूद रहे।