जल जीवन मिशन के तहत अलीगढ़ जिले के विभिन्न विकास खंडों में चल रहे निर्माण कार्य के लिए भेजा गया 15,240.50 किलोग्राम सरिया परियोजना स्थलों तक नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। मामले में फर्म के मालिक धीरेंद्र सिंह के खिलाफ खैर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शिकायत के अनुसार, 14 अगस्त को स्वीकृत मेटेरियल निर्गत सूची के आधार पर 26 बंडल सरिया ट्रैक्टर-ट्रॉली से भेजा गया था। इसमें एक परियोजना के लिए 8,170.20 और दूसरी के लिए 7,070.30 किलोग्राम सरिया शामिल था। आरोप है कि सरिया निर्धारित स्थलों तक नहीं पहुंचा और संबंधित व्यक्ति का मोबाइल भी बंद है।
लगातार संपर्क नहीं होने पर स्टोर इंचार्ज सोमेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के साथ गेट पास, एमआईएस, जीएसटी और अन्य दस्तावेज भी दिए गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है, प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है।