न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के दफ्तर से सटी हुई स्वर्ण जयंती नगर कालोनी स्वर्ण बाजार में तब्दील हो गई है। एडीए के दफ्तर के पास से ही इस कालोनी में शोरुम और दुकानों की लाइन शुरू हो जाती है। जिसमें नर्सिंग होम, मेडिकल स्टोर, चाय की दुकानें, रेस्टारेंट, सब्जी की दुकान, शराब की दुकान, किराना, जनरल स्टोर, महंगे सैलून, ब्यूटी पार्लर, बुटीक, हार्डवेयर शोरूम, बैंक, एटीएम, जनरल स्टोर, दूध और स्वीट्स हाउस तक पूरा बाजार सज गया है। यहां बने अपार्टमेंट में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर 10 से 15-15 दुकानें बन रही हैं।
बाईपास रोड तक इस कालोनी की सड़क एक मुकम्मल बाजार बन चुकी है। जहां सब कुछ मिलता है। प्राधिकरण की अनदेखी से आवासीय मकानों में सैकड़ों दुकानें चल रही हैं। इस चिल्ल पौं में रिहायशी कालोनी के नियम मजाक बन कर रह गए हैं। प्राधिकरण के अफसर कालोनी के नक्शे में कामर्शियल गतिविधियों के लिए भी स्थान बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
रिहायशी कालोनियां के नियम
- हो हल्ले से दूर शांत वातावरण
- साफ सुथरे और हरे भरे पार्क
- साफ सुथरी सड़कें
- बेहतर पेयजल इंतजाम
- रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए चंद दुकानें
प्राधिकरण की अब तक की कार्रवाई
एडीए के अधिशासी अभियंता डीएस भदौरिया ने बताया कि यूं तो हमने रिहायशी मकानों में कामर्शियल गतिविधियां संचालित करने के मामले में 19 लोगों के खिलाफ सीजेएम न्यायालय में मुकदमा दर्ज करा रखा है। करीब 50 लोगों का चिन्हांकन किया है जिनको नोटिस जारी करने की तैयारी है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके खिलाफ भी मुकदमे दर्ज करा दिये जाएंगे।
प्राधिकरण द्वारा विकसित की गई कालोनियां
अवंतिका फेज-1, अवंतिका फेज-2, स्वर्ण जयंती नगर, स्वर्ण जयंती नगर विस्तार, बरौला जाफराबाद, खैर बाईपास, आगरा रोड, एलमपुर आवासीय परियोजना।
स्वास्थ्य विभाग आवासीय नक्शे पर कैसे दे देता है नर्सिंग होम को लाइसेंस
प्राधिकरण की स्वर्ण जयंती नगर ही नहीं महानगर की कई निजी कालोनी मसलन विक्रम कालोनी, विद्या नगर समेत अन्य कालोनियों में निजी नर्सिंग होम चल रहे हैं। प्राधिकरण कार्यालय के 200 मीटर के दायरे में ही आधा दर्जन से अधिक नर्सिंग होम हैं। इनमें से अधिकांश रिहायशी मकानों एवं प्लाटों में बने हैं। सभी के पास स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिये गए लाइसेंस भी है जबकि नियमानुसार रिहायशी प्लाट अथवा मकान के नक्शे पर नर्सिंग होम लाइसेंस नहीं मिल सकता है।