इकराम वारिस, अमर उजाला, अलीगढ़
आईपीएल के तर्ज पर विक्टोरिया प्रीमियर लीग में पहली बार अलीगढ़ के चार उभरते क्रिकेटर खेलेंगे। आईपीएल की केकेआर टीम में रिंकू सिंह के रिटेन होने के बाद इन क्रिकेटरों के खरीदे जाने से अलीगढ़ क्रिकेट जगत के लिए एक अच्छी खबर है। विक्रांत पर सर्वाधिक बोली लगी है। वे सबसे महंगे बिके हैं। अल्मोड़ा में लीग 12 दिसंबर से शुरू हो रही है। भविष्य में इनके अलावा अन्य खिलाड़ियों के बिकने की संभावना बढ़ गई है।
अलीगढ़ क्रिकेट एकेडमी के विक्रांत प्रताप सिंह, महेंद्र कुमार, तरुण उपाध्याय व हिमांशु सारस्वत पर बोली लगाई गई। विक्टोरिया की टीम ने महेंद्र कुमार को सात हजार रुपये और तरुण को चार हजार रुपये में खरीदा है। मेहरा स्पोर्ट्स ने विक्रांत को 10 हजार रुपये और हिमांशु को दो हजार रुपये में खरीदा है। चारों खिलाड़ियों को बतौर आलराउंडर टीम में चुना गया है। महेंद्र व हिमांशु दाहिने हाथ के बल्लेबाज होेने के साथ ऑफ ब्रेक गेंदबाज भी हैं, जबकि विक्रांत व तरुण दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज होने के साथ संकटमोचक बल्लेबाज भी हैं। इस लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो 10-10 मैच खेलेंगी। अलीगढ़ क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन अशोक सक्सेना ने खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
ये हैं टीमें
विक्टोरिया लीग में स्वराज स्पार्टन, अल्मोड़ा प्लेयर्स, विक्टोरिया, मेहरा स्पोर्ट्स, कुमाऊं मार्ट, राइजिंग स्टार शामिल हैं।