डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
कांग्रेस के सचिव एवं राजस्थान प्रभारी विवेक बंसल ने कहा है कि अयोध्या में रविवार को हुई धर्म सभा और श्री राम मंदिर बनाने के लिए हो रहे आह्वान पर्दे के पीछे से भाजपा की गुमराह करने की रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस शासन में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का ताला कुछ ही घंटों में खुलवा दिया था।
ताला खुलवाने के लिए कोई राजनीति नहीं की। न ही इसका प्रचार प्रसार किया। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करती है और वहां विचाराधीन इस मामले में जनवरी से होने वाली सुनवाई का स्वागत करती हैै, ताकि विधि संवत तरीके से मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हो सके। सौहार्द के वातावरण में मंदिर निर्माण हो सके।
कांग्रेस मंदिर निर्माण पर राजनीति नहीं करती क्योंकि ये आस्था और विश्वास का मामला है। राजनीति का नहीं। भाजपा वर्तमान में पर्दे के पीछे से धर्म सभा करा कर राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में धुव्रीकरण करना चाहती है, लेकिन जनता बहुत समझदार है। जनता समझती है कि मंदिर बनाने के नाम पर भाजपा और उसके संगठन केवल राजनीति करते हैं, हकीकत मंदिर नहीं बनवाना चाहते। क्योंकि अगर मंदिर बन गया तो उनके पास कोई मुद्दा नहीं रह जाएगा। गौर हो कि राजस्थान के विधानसभा चुनावों में विवेक बंसल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद और मुकुल वासनिक के साथ काम कर रहे हैं।