न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वरिष्ठ पत्रकार व एएमयू के पूर्व मीडिया सलाहकार डॉ. जसीम मोहम्मद पर एएमयू जनसंपर्क कार्यालय में हुए हमले के मामले में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया ने कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को नोटिस भेजा है। साथ ही दो हफ्ते में जवाब देने को भी कहा है। मामले की जांच के लिए प्रेस काउंसिल ने तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
डॉ. जसीम ने बताया कि प्रेस काउंसिल के अध्यक्ष जस्टिस सीके प्रसाद उनके मामले पर काफी गंभीर हैं। उन्होंने मामले की जांच आयोग के सदस्य सीके नायक, केडी चंडौला, सैयद रजा हुसैन रिजवी करेंगे, जो जल्द ही अलीगढ़ आएंगे।
गौर हो कि नौ जुलाई को एएमयू परिसर में डॉ. जसीम मोहम्मद व छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी के बीच विवाद हो गया था। डॉ. जसीम मोहम्मद ने कहा कि अपराधी जितना भी शातिर क्यों न हो, सजा दिलवाकर रहूंगा।
उन्होंने कहा कि यह भारत है और यहां संविधान से काम होता, तालिबानी सोच के लड़कों को विश्वविद्यालय में प्रवेश पर पाबंदी लगानी चाहिए। वहीं, एएमयू जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा की मोबाइल कॉल की डिटेल की जांच की मांग की है।
उधर, जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा का कहना है कि पीआरओ होने के नाते उनके पास फोन आते रहते हैं, लेकिन इस मामले में उस वक्त उनकी किसी से बातचीत नहीं हुई है।