न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) प्रशासन ने जेएन मेडिकल कॉलेज के रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) की हड़ताल को असंवैधानिक घोषित कर दिया है। इसके साथ ही रेजीडेंट चिकित्सकों को नोटिस देकर हड़ताल समाप्त करने को कहा गया है।
एएमयू छात्र संघ के कैबिनेट सदस्य द्वारा एक महिला रेजीडेंट डॉक्टर से बदसलूकी के बाद से जूनियर डॉक्टर 29 मार्च से हड़ताल पर हैं। कॉलेज के प्राचार्य एवं मेडिसन संकाय के डीन प्रो. एससी शर्मा ने नोटिस में कहा है कि हड़ताल के कारण रोगी प्रभावित हो रहे हैं।
वे काम पर लौट आएं नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने डॉक्टरों को आश्वस्त किया है कि महिला रेजीडेंट को प्रताड़ित किए जाने के मामले में एएमयू प्रॉक्टर द्वारा कार्रवाई प्रारंभ की जा चुकी है।
एक जूनियर रेजीडेंट एवं छात्र संघ के कैबिनेट सदस्य के बीच झगड़े की जांच के लिए कमेटी का पुनर्गठन किया गया है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की प्रो. सीमा हकीम, नसीम अहमद खान एवं प्रो. नैयर आसिफ को जांच कमेटी में शामिल किया गया है। यह कमेटी अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करेगी।
जांच कमेटी के संबंध में दी डीएम को सूचना
जेएन मेडिकल कॉलेज द्वारा वार्ड नंबर-16 में हुए विवाद तथा आपात कालीन विभाग में भर्ती एक लावारिस मरीज के मामलों की जांच के लिए गठित की गई दो जांच समितियों के संबंध में जिलाधिकारी को सूचित कर दिया गया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य के कार्यालय तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा यह सूचना जिलाधिकारी को दो अप्रैल को प्रेषित किए गए पत्र द्वारा उपलब्ध कराई गई है।