न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नकल माफिया द्वारा कॉपियां लगाने के खेल को रोकने के लिए अब सचल दल परीक्षा केंद्रों पर कॉपियों को सील कराने के बाद इन कॉपियों को संकलन केंद्रों तक खुद लेकर आ रहे हैं और इन्हें जमा करा रहे हैं।
नकल पर नकेल लगाने के लिए प्रशासन ने इस बार सख्ती की। सीसीटीवी कैमरे आदि लगवाए। पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगवाई। ऐसे में माफिया ने प्रशासन के पुख्ता इंतजामों को धता बताते हुए डीआईओएस ऑफिस के कुछ कर्मियों की मिली भगत से अतिरिक्त कॉपियां प्राप्त कर लीं।
साथ ही पिछले साल की खाली कॉपियों को भी एकत्रित कर लिया। ऐसे में माफिया ने नया खेल शुरू कर दिया। परीक्षा केंद्र से संकलन केंद्र के बीच में उत्तर पुस्तिकाओं में सॉल्व कॉपियों के पेज लगाए जाने लगे। साथ ही कुछ नई उत्तर पुस्तिकाएं भी लगाई जाने लगीं।
अतरौली के तेवथू में जब प्रशासन ने छापा मारा तो वहां 56 सॉल्वर पकड़े गए और इसका खुलासा हुआ। अब इस खेल पर रोक लगाने के लिए अधिकारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि उनके सामने ही परीक्षा केंद्रों पर कॉपियों के बंडल सील किए जाएं। ज्यादातर सचल दल खुद ही इन कॉपियों को संकलन केंद्रों पर जमा करा रहे हैं।
एडीआईओएस डॉ. लक्ष्मीक ांत पांडेय का कहना है कि ज्यादातर सचल दल खुद ही कॉपियों को सील कराकर संकलन केंद्रों पर पहुंचा रहे हैं। इससे नकल माफिया अब कॉपियों के पन्ने भी नहीं लगा पा रहे।