न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
होली पर लोगों को दूषित खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी है। मंगलवार को टीम ने इगलास क्षेत्र में स्थित दूध की दो डेयरियों पर छापा मारा। जहां से टीम ने दूध के करीब पांच नमूने लिए।
एक डेयरी पर भीषण गंदगी मिलने पर उसे नोटिस जारी किया गया। डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद के निर्देश पर मंगलवार को जिला अभिहित अधिकारी वीपी सिंह के नेतृत्व में टीम ने इगलास स्थित भूमिका डेयरी पर छापा मारा।
जहां गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कर्मचारियों से अविलंब सुधरने के निर्देश दिए। डीओ वीपी सिंह ने बताया कि डेयरी से टीम ने वहां से दूध के दो नमूने भरे गए।
इसके बाद टीम ने आरएम डेयरी प्रोडक्ट इगलास का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां से दूध के तीन नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
डीओ ने कहा कि जिले में बिना लाइसेंस कोई भी दुकानदार खाद्य पदार्थ नहीं बेच सकेंगे। होली के बाद लाइसेंस बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान चलेगा।