न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
वेलेंटाइन वीक के तीसरे दिन युवा चॉकलेट खिलाकर आपसी प्यार में मिठास घोलते रहे। इसकी वजह से महानगर में चॉकलेट के कारोबार में उछाल है।
चॉकलेट भला किसे प्रिय नहीं है। बच्चे हों, युवा या बुजुर्ग। चॉकलेट सभी को पसंद है। वह भी ब्रांडेड कंपनी की मनपसंद मिल जाए तो कहना ही क्या। खाने के बाद मूड बदल जाता है।
चॉकलेट डे के दिन युवाओं ने एक-दूसरे के लिए जमकर चॉकलेट की खरीदारी की। महानगर के कई एकांत स्थानों पर इसका खूब आदान-प्रदान भी हुआ। कुछ तो साथ-साथ बैठकर एक-दूसरे को खिलाए।
वहीं कुछ लोगों की नजर बचाकर अपने प्रेमी या प्रेमिका को थमाकर प्यार का अहसास कराया। खास बात यह रही कि शादी-शुदा लोगों ने भी चॉकलेट डे को सेलिब्रेट किया और अपनी पति-पत्नि को खिलाकर वेलेंटाइन विश किया।
महानगर के गिफ्ट शो रूम पर तरह-तरह के चॉकलेट सजाए गए हैं। इसमें दुनिया के मशहूर ब्रांडेड कंपनी से लेकर चाइनीज चॉकलेट तक शामिल है। शानदार बिक्री से दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।